Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    गरीब के सिर पर अब तक नहीं छत, बारिश में घर बना तालाब; वायरल वीडियो ने उठाए कई सवाल

     गरीब के सिर पर अब तक नहीं छत, बारिश में घर बना तालाब; वायरल वीडियो ने उठाए कई सवाल


    एरवा कटरा, औरैया।






    औरैया जनपद के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती अपने घर की बदहाल स्थिति दिखाते हुए भावुक नजर आती है। लगातार बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकान में पानी भर गया है, जिससे पूरा घर तालाब जैसा दिखाई दे रहा है। घर में रखा सामान पानी में डूब गया है और चूल्हे तक में पानी भर जाने से परिवार के सामने भोजन बनाने का भी संकट खड़ा हो गया।


    वीडियो में परिवार के सदस्य झाड़ू और बाल्टी की मदद से घर से पानी निकालते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य देखकर सोशल मीडिया पर लोग परिवार की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग कर रहे हैं।


    प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो ग्राम सूरजपुर निवासी राजेश कुमार जाटव के घर का बताया जा रहा है। राजेश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार अभी भी दो पुराने और जर्जर कमरों में रहने को मजबूर है तथा छप्पर के नीचे चूल्हा जलाकर भोजन बनाता है। बारिश होने पर घर में पानी भर जाता है, जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।


    परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


    वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कई लोगों का कहना है कि यदि पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे तो ऐसे हालात पैदा न हों। वहीं कुछ लोग योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्र लाभार्थियों के चयन की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


    हालांकि, इस मामले में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि वीडियो और दावों की पुष्टि होती है, तो यह मामला संबंधित विभाग द्वारा जांच का विषय हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने और आवश्यक सहायता देने की मांग की है।


    रिपोर्ट: रवि कुमार अग्निहोत्री

    Hollywood Movies